आजमगढ़ में फायरिंग कांड का खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार, लाइसेंसी राइफल बरामद।

घर के सामने बातचीत के दौरान हुआ विवाद, गनर की बंदूक से की गई फायरिंग।
कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, देर रात और सुबह दबिश देकर सभी अभियुक्त पकड़े।
आजमगढ़ l कोतवाली पुलिस स्टेशन आजमगढ़ क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी राइफल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 4 मार्च 2026 को शाम करीब 3 बजे वादी अपने मित्र के साथ घर के सामने खड़ा होकर बातचीत कर रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और आरोप है कि एक अभियुक्त ने गनर की लाइसेंसी बंदूक लेकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो सभी आरोपी धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के संबंध में कोतवाली थाने में मुकदमा संख्या 87/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए 4 मार्च की रात 11:59 बजे ब्रह्मस्थान से हीरापट्टी जाने वाले मार्ग पर डीह बाबा स्थान के पास से अजय कुमार राव को गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने शुक्रवार सुबह करीब 6:10 बजे प्राइवेट बस स्टैंड के पास से अन्य चार अभियुक्तों रिशु यादव, आजाद अहमद उर्फ बिट्टू, शशिकांत राय और अमित कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक लाइसेंसी राइफल बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ