आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़, हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर घायल होकर गिरफ्तार।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, आरोपी के पैर में लगी गोली।
अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद, साथी फरार।
संवाददाता -अबुल कैश 
निज़ामबाद, आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर हिस्ट्रीशीटर गोतस्कर घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की थी, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक 4 मार्च 2026 की रात रंगभरी होली के मद्देनजर क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित आरोपी मेराज अपने साथी नासिर के साथ बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल से नेवादा की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने नेवादा पुल के पास घेराबंदी कर दोनों को रोकने की कोशिश की।
बताया जाता है कि पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली मेराज के दाहिने पैर में लग गई, जिसके बाद वह घायल होकर झाड़ियों के पास गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी नासिर मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध .315 बोर तमंचा, जिन्दा व खोखा कारतूस, एंड्रॉयड मोबाइल, 840 रुपये नगद तथा बिना नम्बर प्लेट की चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी के साथ मिलकर दिन में छुट्टा पशुओं की रेकी करता था और रात में सुनसान स्थानों पर ले जाकर उनका अवैध वध कर मांस की बिक्री करता था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मेराज एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, आर्म्स एक्ट और गैंगेस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में 17 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ