नवरात्रि में मिशन शक्ति 5.0 का असर: आजमगढ़ में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान।


 65 स्थानों पर चेकिंग, 1056 लोगों की जांच—664 को चेतावनी।
 52 चौपालों के जरिए 1183 महिलाओं को किया गया जागरूक।
आजमगढ़। जनपद में चैत्र नवरात्रि के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और नोडल अधिकारी चिराग जैन व क्षेत्राधिकारी आस्था जायसवाल के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के अंतर्गत मंदिरों, बाजारों, मेलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, कानून, साइबर अपराध से बचाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। ग्राम स्तर पर 52 चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर 1183 महिलाओं को जागरूक किया गया, साथ ही 762 पम्पलेट वितरित कर हेल्पलाइन नंबर 1090, 181 और 112 की जानकारी दी गई।
वहीं एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा 65 भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 1056 व्यक्तियों की जांच कर 664 लोगों को चेतावनी और नोटिस दिए गए। इसके अलावा 936 वाहनों की जांच के दौरान स्टंटबाजी करने वाले 13 चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नवरात्रि के दौरान सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ