नेहरू हॉल में ‘आभार एवं अभिनंदन समारोह’ का आयोजन, सैकड़ों गाड़ियां और हजारों कार्यकर्ता शामिल।
संगठन विस्तार और जनआंदोलनों को बताया उपलब्धि, नेताओं ने की जमकर सराहना।
आज़मगढ़। जनपद में ज़िला कांग्रेस कमेटी द्वारा ज़िलाध्यक्ष कौशल कुमार सिंह ‘मुन्ना राय’ के एक वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर नेहरू हॉल में भव्य ‘आभार एवं अभिनंदन समारोह’ का आयोजन किया गया, जो उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्वांचल प्रभारी सत्यनारायण पटेल, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश उपाध्यक्ष विश्वविजय सिंह और राघवेंद्र प्रताप सिंह मौजूद रहे। इसके अलावा प्रदेश महासचिव अवधेश सिंह और आजमगढ़ प्रभारी रामजी गिरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सठियांव से नेहरू हॉल तक निकला विशाल जुलूस रहा, जिसमें सैकड़ों चार पहिया वाहन और हजारों मोटरसाइकिल सवार कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जिससे कांग्रेस का जोरदार शक्ति प्रदर्शन देखने को मिला।
अपने एक साल के कार्यकाल में ‘मुन्ना राय’ के नेतृत्व में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का दावा किया गया, जिसमें 22 ब्लॉक कमेटियों का पुनर्गठन, 154 मंडल इकाइयों और लगभग 3300 बूथ कमेटियों का गठन प्रमुख उपलब्धियां रहीं। साथ ही संगठन ने शिक्षा, किसानों, मनरेगा और सामाजिक मुद्दों को लेकर धरना-प्रदर्शन, ज्ञापन और आंदोलन के माध्यम से सक्रिय भूमिका निभाई। अपने संबोधन में मुन्ना राय ने इसे कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनसेवा का परिणाम बताया और भविष्य में संघर्ष तेज करने की बात कही। मुख्य अतिथि सत्यनारायण पटेल ने संगठन की मजबूती को नेतृत्व की दूरदर्शिता का परिणाम बताया, जबकि अन्य अतिथियों ने भी संगठन के विस्तार और सक्रियता की सराहना की। कार्यक्रम में रियाजुल हसन, राजाराम यादव, राहुल राय, गिरीश चंद्र चतुर्वेदी, चंद्रपाल सिंह यादव, तेज बहादुर यादव, बेलाल बेग, अजीत राय, शीला भारती, सीमा भारती, हरिओम उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे। अंत में ज़िला कांग्रेस कमेटी ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और मीडिया का आभार व्यक्त किया।
0 टिप्पणियाँ