शिक्षा, संस्कृति और उपलब्धियों का भव्य संगम।
मेधावी छात्रों का सम्मान, अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह।
आजमगढ़। जनपद के सिधारी, तिवारीपुर स्थित महादेवी हायर सेकेंडरी स्कूल का रजत जयंती वर्ष समारोह बड़े ही उत्साह, उल्लास और गरिमा के साथ सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में गिरीशचंद्र यादव (राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, खेल एवं युवा कल्याण) तथा विशिष्ट अतिथि प्रो. संजीव कुमार शर्मा (कुलपति, महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय, आजमगढ़) सहित लक्ष्मण मौर्य, राजेंद्र प्रसाद यादव, पवन कुमार पंकज, मनीष सिंह और गोविंद दुबे सहित अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने गीत, नृत्य, भक्ति और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। प्रधानाचार्य ने विद्यालय के गौरवशाली इतिहास और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए प्रगति यात्रा का उल्लेख किया और शिक्षकों व विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। इसी अवसर पर वार्षिक परीक्षाफल घोषित किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिली। अभिभावकों ने भी विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए बच्चों की सफलता पर खुशी जाहिर की।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक देवी प्रसाद मौर्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में को-ऑर्डिनेटर आनंद मौर्य, दिनेश यादव, दीपिका सिंह, मीनाक्षी अस्थाना, कमलेश यादव, आर.के. यादव, मेवालाल यादव, अजय यादव सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अनुशासन व्यवस्था में राहुल तिवारी और अजय यादव की भूमिका सराहनीय रही, जबकि कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में शरद गुप्ता, प्रेमा यादव, धीरेंद्र मोहन और संगीत शिक्षक आदित्य मिश्रा का विशेष योगदान रहा। मंच संचालन किशन यादव और आरोही मोदनवाल ने प्रभावशाली ढंग से किया, जिसकी सभी ने प्रशंसा की।
0 टिप्पणियाँ