आजमगढ़ पुलिस का ‘रन फॉर एपावरमेंट’, 500 महिला पुलिसकर्मियों ने दिया सशक्तिकरण का संदेश।

मिशन शक्ति फेज़ 5.0 के तहत निकली जागरूकता दौड़।
नारी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को लेकर जनजागरण अभियान।
आजमगढ़। जनपद में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस द्वारा मिशन शक्ति फेज़ 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत “रन फॉर एपावरमेंट ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 500 से अधिक महिला पुलिस कर्मियों ने भाग लेकर समाज को नारी सुरक्षा और सम्मान का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया। यह जागरूकता दौड़ पुलिस लाइन से शुरू होकर घंटाघर चौराहा, अग्रसेन चौराहा, कलेक्ट्रेट चौराहा होते हुए पुनः पुलिस लाइन परिसर में समाप्त हुई।
इस दौड़ का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना रहा। प्रतिभागियों ने “नारी सुरक्षा – नारी सम्मान”, “बेटी बचाओ – बेटी पढ़ाओ” और “महिला सशक्तिकरण ही राष्ट्र सशक्तिकरण” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह ने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का लक्ष्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे निर्भीक होकर आगे बढ़ सकें। कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक रजनीकांत ओझा, आरटीसी प्रभारी शशि चंद्र चौधरी, महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन प्रभारी गुरु ज्ञान चंद्र पटेल सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ