आजमगढ़ : सरकारी योजनाओं व हेल्पलाइन नंबरों की दी गई विस्तृत जानकारी।

मिशन शक्ति अभियान के तहत जनजागरूकता चौपाल का आयोजन।
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन पर हुआ संवाद।
आजमगढ़। वासन्तिक नवरात्र के शुभ अवसर पर मिशन शक्ति विशेष अभियान (फेज-05, द्वितीय चरण) के अंतर्गत जनपद के संकल्प फाउंडेशन कार्यालय, गुरु टोला में जनजागरूकता चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर प्रीति उपाध्याय (डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन) ने घरेलू हिंसा और दहेज उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उनके दुष्प्रभावों की जानकारी दी। वहीं अनु सिंह (जेंडर स्पेशलिस्ट) ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और महिलाओं को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर संजय शाही ने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (वन स्टॉप सेंटर), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 108 (एम्बुलेंस) और 102 (स्वास्थ्य सेवा)—के बारे में जानकारी देते हुए इनके उपयोग के प्रति जागरूक किया। इस दौरान जागरूकता पम्पलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम का संचालन जिला योजना समिति सदस्य एवं सभासद मोहम्मद अफजल ने किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण समाज की प्रगति का आधार है और सरकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा बहुएं तथा नीतू सिंह, प्रीति श्रीवास्तव, भानमती सोनकर, सुधा शर्मा, शाहजहां, बेबी, आशा देवी, छाया सेठ, दीपा वर्मा, दुलारी देवी, गीता, लालमुनी देवी सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।
अंत में सभी से अपील की गई कि वे पात्र लाभार्थियों को अधिक से अधिक संख्या में सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ