सरकार ने कहा—देश में कहीं भी ईंधन की कमी नहीं, सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही भ्रामक जानकारी से न हों गुमराह।
नई दिल्ली। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और नियंत्रण में है। सभी रिटेल फ्यूल आउटलेट्स पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और कहीं भी किसी तरह की कमी नहीं है। मंत्रालय के अनुसार, भारत की ऊर्जा आपूर्ति मजबूत स्थिति में है और देश में न तो पेट्रोल-डीजल की कमी है और न ही एलपीजी की। सभी पेट्रोल पंप बिना किसी रुकावट के संचालित हो रहे हैं और किसी भी जगह राशनिंग लागू नहीं की गई है। सरकार ने बताया कि कुछ स्थानों पर घबराहट में की गई खरीदारी (पैनिक बाइंग ) के मामले सामने आए थे, जो सोशल मीडिया पर फैलाई गई भ्रामक और झूठी खबरों के कारण हुए। हालांकि, तेल कंपनियों ने तुरंत सप्लाई बढ़ाकर स्थिति को सामान्य कर दिया है।
कच्चे तेल की आपूर्ति को लेकर भी स्थिति पूरी तरह संतुलित बताई गई है। भारत विभिन्न देशों से पर्याप्त मात्रा में क्रूड ऑयल प्राप्त कर रहा है और अगले 60 दिनों की जरूरत के लिए भी सप्लाई सुनिश्चित कर ली गई है। एलपीजी के मामले में भी उत्पादन बढ़ाया गया है और आयात की आवश्यकता कम हुई है। देश में घरेलू गैस सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है और वितरण लगातार जारी है। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि देश के पास लगभग दो महीने की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त भंडार मौजूद है, जिससे आम नागरिकों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है।
अंत में सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। गलत जानकारी फैलाना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ