ओमप्रकाश राजभर का कांग्रेस पर तीखा हमला, एलपीजी मुद्दे पर भी दिया बड़ा बयान।

बाबा साहब के नाम पर राजनीति का आरोप, बोले—सत्ता में रहते नहीं किया सम्मान।
गैस की कमी से किया इनकार, कहा—विपक्ष फैला रहा भ्रम और बदनाम कर रहा सरकार।
उत्तर प्रदेश। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि जब पार्टी सत्ता में थी तब उसने भीमराव अंबेडकर के विचारों और सम्मान को प्राथमिकता नहीं दी, लेकिन अब सत्ता से बाहर होने के बाद राजनीतिक लाभ के लिए उनके नाम का उपयोग किया जा रहा है। उन्होंने इसे पूरी तरह राजनीतिक स्वार्थ से प्रेरित कदम बताया। राजभर ने कहा कि आज देश की राजनीति में कुछ दल केवल वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं और दलित समाज के महापुरुषों के नाम का इस्तेमाल अपने हित के लिए कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में सामाजिक न्याय के मुद्दों पर गंभीरता नहीं दिखाई, लेकिन अब जनता को भ्रमित करने की कोशिश की जा रही है। एलपीजी गैस को लेकर उठ रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने साफ कहा कि उत्तर प्रदेश में कहीं भी गैस की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर जानबूझकर अफवाहें फैलाई जा रही हैं ताकि सरकार को बदनाम किया जा सके। उन्होंने जनता से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का सहयोग करें।
राजभर ने यह भी दावा किया कि जहां-जहां जांच की जा रही है, वहां गैस की कालाबाजारी और चोरी के मामलों में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई कर रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति में लगा हुआ है। आने वाले समय में जनता ऐसे दलों को जवाब देगी जो केवल चुनावी समय में ही सक्रिय होते हैं। इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी का दौर तेज हो गया है और सत्तापक्ष व विपक्ष के बीच टकराव और बढ़ सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ