शाहगढ़ गांव में मंदिर की जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप।
संवाददाता - राकेश गौतम
आजमगढ़। जनपद के विकासखंड सठियाव क्षेत्र के शाहगढ़ गांव में स्थित राम जानकी मंदिर सेवा संस्थान की जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मुबारकपुर रोड स्थित मंदिर की जमीन पर गांव के ही कुछ लोग कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। इस मामले को लेकर नाराज ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
फर्जी दस्तावेज तैयार कर नाम दर्ज कराने की कोशिश का आरोप-
ग्रामीणों का कहना है कि यह जमीन लंबे समय से राम जानकी मंदिर सेवा संस्थान के नाम दर्ज है और यहां वर्षों से मेला, धार्मिक कार्यक्रम और सामाजिक गतिविधियां आयोजित होती रही हैं। उनका आरोप है कि कन्हैया अग्रवाल, भरत अग्रवाल और नरसिंह अग्रवाल के परिवार के लोग कथित रूप से कूट रचित दस्तावेज तैयार कराकर जमीन को अपने नाम दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि अनियमितता पाई जाती है तो गलत तरीके से दर्ज नामों को निरस्त कर जमीन को दोबारा मंदिर संस्थान के नाम दर्ज कराया जाए। साथ ही चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई न होने पर ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
0 टिप्पणियाँ