भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को याद कर समाजवादी विचारधारा पर दिया जोर।
आजमगढ़। समाजवादी विचारक राम मनोहर लोहिया की जयंती तथा भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के शहादत दिवस पर समाजवादी पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव ने कहा कि डॉ. लोहिया के समाजवादी विचार आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वैश्विक स्तर पर साम्राज्यवादी ताकतें अर्थव्यवस्था पर नियंत्रण कर रही हैं, जिससे आम जनता प्रभावित हो रही है।
वहीं विधायक डॉ. संग्राम यादव सहित अन्य नेताओं ने कहा कि जिन मूल्यों के लिए शहीदों ने बलिदान दिया, उन्हें आज भी आत्मसात करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि शहीदों का सपना समानता और स्वतंत्रता पर आधारित समाज का निर्माण था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की, जबकि संचालन अजीत कुमार राव ने किया। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
0 टिप्पणियाँ