पिकअप और ट्रक की टक्कर में 2 युवक घायल, चालक फरार।
खाली था पुलिस बूथ, बड़ा हादसा टला, जांच में जुटी पुलिस।
रिपोर्ट : अबुल कैश
निज़ामबाद/आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र स्थित फरिहा चौक पर बुधवार रात करीब 10:30 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। सरायमीर की ओर से आ रही पिकअप और रानी की सराय की तरफ से आ रहे ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पिकअप चालक राहुल (25) और खलासी विशाल (22) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों जनपद रेणुकूट के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक अनियंत्रित होकर चौक पर बने पुलिस बूथ में जा घुसा। गनीमत रही कि उस समय बूथ पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष निजामाबाद हीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
0 टिप्पणियाँ