योगी को पत्र लिखकर चंद्रशेखर आज़ाद ने आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और भोजन माताओं को राज्यकर्मी का दर्जा देने की मांग।

सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लिखा पत्र।
मानदेय बढ़ाने और सामाजिक सुरक्षा देने की भी उठाई मांग।
लखनऊ। आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों/सहायिकाओं तथा भोजन माताओं को राज्यकर्मी का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर सांसद चंद्रशेखर आज़ाद ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है।
पत्र में सांसद ने कहा कि आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और भोजन माताएं लंबे समय से स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। गांव से लेकर शहर तक इनका योगदान अत्यंत अहम है, लेकिन इसके बावजूद इन्हें राज्यकर्मी का दर्जा और पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
सांसद चंद्रशेखर आजाद ने पत्र में मांग की है कि इन सभी कार्यकत्रियों को राज्यकर्मी का दर्जा दिया जाए, साथ ही उनके मानदेय में वृद्धि, सामाजिक सुरक्षा, पेंशन और अन्य सरकारी लाभ भी उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि इन कार्यकत्रियों ने कोविड महामारी समेत कई कठिन परिस्थितियों में सरकार का सहयोग करते हुए महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं, इसलिए सरकार को उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
सांसद ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इस मांग पर सकारात्मक कदम उठाएगी, जिससे प्रदेश की लाखों आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और भोजन माताओं को राहत मिल सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ