आजमगढ़ : 12वीं में 91% अंक लाकर अंशिका ने जिले में पाया सातवां स्थान, क्षेत्र का नाम रोशन।

निज़ामबाद आजमगढ़ क्षेत्र की छात्रा की सफलता पर गांव में जश्न, माता-पिता ने खिलाई मिठाई।
संवाददाता -अबुल कैश 
निज़ामबाद/आजमगढ़ : जनपद के निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक तहबरपुर के ग्राम बेलवा विशुनपुर निवासी संतोष पांडेय की पुत्री अंशिका पांडेय ने इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 में 455 अंक (91%) प्राप्त कर जिले में सातवां स्थान हासिल किया है। अंशिका जनता इंटर कॉलेज आतापुर ओहनी की विज्ञान वर्ग की छात्रा हैं।
परिणाम घोषित होते ही परिवार और गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजनों ने मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया, वहीं आसपास के लोग भी बधाई देने पहुंचने लगे। अंशिका के पिता संतोष कुमार पांडेय शिक्षा क्षेत्र तहबरपुर के कंपोजिट विद्यालय धर्मदासपुर नेवादा में शिक्षा मित्र के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी माता पुष्पलता पांडेय गृहिणी हैं। चार बहनों में सबसे छोटी अंशिका ने अपनी मेहनत और लगन से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र का नाम भी रोशन किया है।
अपनी सफलता का श्रेय अंशिका ने अपने माता-पिता के आशीर्वाद और मार्गदर्शन को दिया है। उन्होंने आगे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने की इच्छा जताई है। कॉलेज के प्रधानाचार्य हरेंद्र कुमार यादव ने अंशिका की सराहना करते हुए कहा कि वह नियमित रूप से विद्यालय आती थीं और पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रही हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ