मंदिरों-बाजारों में एंटी रोमियो चेकिंग, 1500 लोगों को किया गया जागरूक; सैकड़ों वाहनों व व्यक्तियों पर कार्रवाई।
आजमगढ़। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जिला में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए मिशन शक्ति अभियान फेज 5.0 (द्वितीय चरण) के तहत व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ . अनिल कुमार के निर्देशन में संचालित हुआ, जिसमें पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल अधिकारी चिराग जैन और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अभियान के तहत जिले के सभी थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों, मंदिरों, धार्मिक स्थलों, मेलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया गया। महिला बीट पुलिस अधिकारियों ने ग्राम स्तर पर 49 चौपाल/जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 1500 पुरुषों, महिलाओं और बालिकाओं को महिला सुरक्षा, कानून, साइबर अपराध से बचाव और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान 869 पम्पलेट भी वितरित किए गए तथा हेल्पलाइन नंबर 1090, 181 और 112 के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसी क्रम में एंटी रोमियो स्क्वाड द्वारा मंदिरों, बाजारों, चौराहों, पार्क और अन्य भीड़-भाड़ वाले 62 स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 1156 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें से 622 को चेतावनी और नोटिस जारी कर भविष्य में अनुचित गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई।
सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों के पालन को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। कुल 1308 वाहनों की चेकिंग की गई, जिसमें स्टंटबाजी करने वाले 13 चालकों के खिलाफ चालान किया गया और एक वाहन को सीज किया गया। जनपद पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
0 टिप्पणियाँ