आजमगढ़ में फर्जी रसीद बनाकर बिजली बिल घोटाला, आरोपी गिरफ्तार।

कोतवाली पुलिस स्टेशन आजमगढ़ की कार्रवाई, उपभोक्ताओं से लाखों रुपये लेकर जमा नहीं किए, नकली रसीद देकर करता था ठगी।
आजमगढ़। जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र में बिजली बिल के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उपभोक्ताओं से बिल जमा करने के नाम पर पैसे लेकर उन्हें फर्जी रसीद थमा देता था और धनराशि विभाग में जमा नहीं करता था।
मामले में अवर अभियंता दिलीप कुमार ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि मेसर्स फिल्टेक कलेक्शन एजेंसी से जुड़ा एजेंट राहुल राय उपभोक्ताओं से बिजली बिल के नाम पर पैसे वसूलता था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने कई उपभोक्ताओं से लाखों रुपये लिए, लेकिन विभाग में जमा नहीं किए और फर्जी रसीदें जारी कर दीं।
शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत आरोपी की तलाश शुरू की गई।
4 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने एलटी विद्युत उपकेंद्र बदरका तिराहा से पहाड़पुर मार्ग के पास से आरोपी राहुल राय (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से जनपद गाजीपुर का निवासी है और लंबे समय से इस प्रकार की धोखाधड़ी में संलिप्त था।
इस कार्रवाई में उपनिo शशि सिंह, उपनिरीक्षक रविन्द्र यादव और कांस्टेबल राजन कुमार की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बिजली बिल या अन्य भुगतान करते समय अधिकृत माध्यमों का ही उपयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ