आजमगढ़ में दहेज हत्या का मामला, पति गिरफ्तार।

निज़ामबाद पुलिस स्टेशन आजमगढ़ की कार्रवाई, बुलेट बाइक की मांग को लेकर प्रताड़ना के बाद हत्या का आरोप।
आजमगढ़। जनपद के थाना निजामाबाद क्षेत्र में दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मामले के अनुसार, सरायमीर क्षेत्र की रहने वाली महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनकी पुत्री की शादी वर्ष 2022 में अफताब अहमद के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कम दहेज का ताना दिया जाता था और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। परिजनों का आरोप है कि 3 अप्रैल 2026 को पति अफताब सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों ने मिलकर युवती की हत्या कर दी और उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को दुपट्टे से लटका दिया।
शिकायत के आधार पर थाना निजामाबाद में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जिसकी जांच क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल द्वारा की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने 5 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर फरहाबाद क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी अफताब अहमद (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। उसे हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष हीरेन्द्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल अजय जायसवाल, अनिल गुप्ता और महिला कांस्टेबल गरिमा सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ