बड़ी खबर : आजमगढ़ में “ऑपरेशन दहन”: 864 किलो मादक पदार्थों का विनष्टीकरण।

7.35 करोड़ के गांजा, हीरोइन और अन्य नशीले पदार्थ किए गए नष्ट।
आजमगढ़। जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गई। न्यायालय और संबंधित प्राधिकरण के आदेश पर “ऑपरेशन दहन” के अंतर्गत जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी ने 864.184 किलोग्राम नशीले पदार्थों का विधिसम्मत विनष्टीकरण किया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में संपन्न हुई, जिसमें गांजा, हीरोइन/स्मैक, डायजापाम समेत अन्य मादक पदार्थों को नष्ट किया गया। साथ ही लगभग 1000 डायजापाम टैबलेट्स भी नष्ट की गईं।
इंसीनिरेटर के जरिए किया गया सुरक्षित निस्तारण।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत ₹7,35,55,640 आंकी गई है। विनष्टीकरण की पूरी प्रक्रिया मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्रा. लि., भादो (माहुल, मार्टीनगंज) स्थित औद्योगिक इकाई में स्थापित इंसीनिरेटर/बॉयलर के माध्यम से की गई।
पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी के जरिए हर चरण को रिकॉर्ड किया गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई।
इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात), उपनिरीक्षक श्रीप्रकाश मिश्रा (प्रभारी विशेष मालखाना निस्तारण सेल), आरक्षी प्रदीप कुमार शाह और आरक्षी मुकेश कुमार गिरी (डीसीआरबी) समेत कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
नशे के खिलाफ सख्त संदेश।
यह पूरी कार्रवाई मादक पदार्थों के दुरुपयोग और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से की गई है। पुलिस प्रशासन का यह कदम नशे के खिलाफ सख्त संदेश देने के साथ-साथ समाज को सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ