पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, दोनों आरोपियों के पैर में लगी गोली; लाखों का माल बरामद।
आजमगढ़। जनपद पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मुठभेड़ कर बड़ी सफलता हासिल की है। थाना जहानागंज और फूलपुर क्षेत्र में हुई इन कार्रवाइयों में एक अंतर्राज्यीय चोर गिरोह का सदस्य और एक शातिर हिस्ट्रीशीटर घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। दोनों ही मामलों में आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और उन्हें पैर में गोली लगने के बाद दबोच लिया।
जहानागंज थाना क्षेत्र में पुलिस को पीजीआई चक्रपानपुर परिसर में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में सूचना मिली थी। घेराबंदी के दौरान संदिग्ध ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में आरोपी संजय भील उर्फ संजू को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से अवैध तमंचा, कारतूस, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी सहित करीब साढ़े छह लाख रुपये का सामान बरामद हुआ। पूछताछ में उसने मध्य प्रदेश के साथियों के साथ मिलकर कई राज्यों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात कबूली।
वहीं फूलपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने भोरमऊ पुलिया के पास घेराबंदी कर फरार चल रहे आरोपी केसरी चौहान को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान उसने भी पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने कार्रवाई कर उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार आरोपी पर हत्या, चोरी, मादक पदार्थ और शस्त्र अधिनियम सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। दोनों घटनाओं में पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल दोनों मामलों में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
0 टिप्पणियाँ