आजमगढ़ : हीरापट्टी में शुरू हुई पी.एस. निशानेबाजी अकादमी, युवाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण।

आधुनिक 10 मीटर इनडोर शूटिंग रेंज तैयार, फिटनेस और योग के साथ समग्र विकास पर जोर।
संवाददाता -राकेश गौतम 
आजमगढ़। जिले के हीरापट्टी क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए पी.एस. निशानेबाजी अकादमी का शुभारंभ किया गया है। केंद्रीय विद्यालय रोड पर अमर नर्सिंग होम के सामने प्रथम तल पर स्थापित इस अकादमी में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 10 मीटर इनडोर शूटिंग रेंज तैयार की गई है, जहां प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
अकादमी में एयर रायफल और एयर पिस्टल शूटिंग के लिए आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे खिलाड़ियों को पेशेवर स्तर की ट्रेनिंग मिल सके। यहां निशानेबाजी के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस, योग, ध्यान और कार्डियो अभ्यास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि खिलाड़ियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में खिलाड़ियों को इंटर स्कूल से लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। यह अकादमी खासतौर पर उन युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर साबित हो रही है, जो निशानेबाजी में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।
अकादमी से जुड़ी प्रशिक्षु शानवी जायसवाल ने बताया कि वह पिछले दो महीनों से प्रशिक्षण ले रही हैं और हाल ही में अयोध्या में आयोजित प्रतियोगिता में प्री-स्टेट स्तर के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि वह जल्द ही राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता हासिल करेंगी और देश का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं कोच रितिक सिंह, जनक प्रताप, प्रयान गुप्ता, विकास जायसवाल सहित कई खिलाड़ी मौजूद रहे। वहीं शैलजा, सलोनी और अंशिका की टीम ने 29वीं प्री-स्टेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल कर अकादमी का नाम रोशन किया। अकादमी से जुड़ने के इच्छुक अभ्यर्थी ईमेल या मोबाइल नंबर के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। यह पहल निश्चित रूप से जनपद के युवाओं को खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ