आजमगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान, हेलमेट वितरण से दिया सुरक्षा का संदेश।

बवाली मोड़ (लाइफ लाइन चौराहा) पर अनंत सेवा संस्थान की पहल, पुलिस व डॉक्टरों ने युवाओं से सावधानी बरतने की अपील।
संवाददाता -धीरज वर्मा 
आजमगढ़ : जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं के बीच लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष अभियान चलाया गया। बवाली मोड़ स्थित लाइफ लाइन चौराहा पर अनंत सेवा संस्थान द्वारा हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित कर राहगीरों को सड़क सुरक्षा के प्रति सचेत किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग केवल नियमों का पालन भर नहीं, बल्कि अपनी जान की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और लापरवाही से बचें।
विशेषज्ञों का भी मानना है कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे गंभीर चोटें सिर और छाती पर लगती हैं, जिन्हें हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग से काफी हद तक रोका जा सकता है। लाइफ लाइन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के वरिष्ठ न्यूरोसर्जन डॉ. अनूप कुमार सिंह ने बताया कि कई मामलों में सिर्फ हेलमेट न पहनने की वजह से लोगों की जान चली जाती है। उन्होंने दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठने वालों से भी हेलमेट पहनने की अपील की।
वहीं सर्वोदय कॉलेज के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग नियमित रूप से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करें, तो सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या में कमी लाई जा सकती है। इस अभियान के जरिए लोगों को यह संदेश दिया गया कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर बड़ी दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ