राहुल गांधी का ममता सरकार पर सीधा हमला, बोले—“बीजेपी को हराने की ताकत सिर्फ कांग्रेस में”

बंगाल चुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा दांव, जनता से समर्थन की अपील।
नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल में पहले चरण के मतदान से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गाँधी ने एक वीडियो जारी कर राज्य की जनता से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।
अपने संदेश में राहुल गांधी ने सीधे तौर पर भाजपा के साथ-साथ राज्य की सत्ताधारी सरकार को भी निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि विचारधारा की इस लड़ाई में भाजपा को हराने की ताकत सिर्फ कांग्रेस के पास है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जहां लोगों के अधिकार छीनती है, वहीं कांग्रेस उन्हें दिलाने का काम करती है। राहुल गांधी ने संविधान और देश की विविधता का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस हर भाषा, हर संस्कृति और हर वर्ग के सम्मान की बात करती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता से अपील करते हुए कहा कि कांग्रेस को भारी मतों से जिताकर राज्य में न्याय, सम्मान और प्रगति की सरकार बनाई जाए। बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर अप्रत्यक्ष निशाना साधते हुए कांग्रेस ने चुनावी मैदान में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश तेज कर दी है। ऐसे में आगामी मतदान से पहले राजनीतिक माहौल और गर्म होने के आसार हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ