जाफरपुर उपकेंद्र पर मेंटेनेंस के समय टूटा हाई वोल्टेज तार, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल।
संवाददाता -अबुल कैश
आजमगढ़। जनपद में मंगलवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब जाफरपुर विद्युत उपकेंद्र पर कार्यरत एक लाइनमैन करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब 11 केवी लाइन पर मेंटेनेंस कार्य चल रहा था।
बताया जा रहा है कि ऊपर से गुजर रही 33 केवी लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया, जिससे काम कर रहे लाइनमैन जय सिंह (30 वर्ष) को तेज करंट लगा और वह बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, संबंधित लाइन काफी समय से खराब स्थिति में थी और पहले भी ऐसे हादसों की आशंका जताई गई थी। इसके बावजूद समय पर मरम्मत नहीं कराई गई। साथ ही, घटना के दौरान पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों की कमी भी सामने आई है।
इस घटना के बाद विभागीय लापरवाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि समय रहते आवश्यक सुधार और सुरक्षा उपाय किए जाते, तो इस तरह की घटना से बचा जा सकता था। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
0 टिप्पणियाँ