विजय बहादुर पाठक ने किया उद्घाटन, 1200 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा।
संवाददाता -धीरज वर्मा आजमगढ़
आजमगढ़ : जिला में ओलंपिक एसोसिएशन और क्षेत्रीय खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम जिला ओलंपिक स्पोर्ट्स कार्निवल का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष विजय बहादुर पाठक ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिताओं का विधिवत उद्घाटन किया।
जनपद में पहली बार आयोजित हो रहे इस स्पोर्ट्स कार्निवल को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस आयोजन में जिले के साथ-साथ दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों और कैफी आजमी स्पोर्ट्स अकादमी, मेजवा के खिलाड़ी भी प्रतिभाग कर रहे हैं।
23 अप्रैल से शुरू होकर 30 अप्रैल 2026 तक चलने वाले इस खेल महोत्सव में एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, खो-खो और कुश्ती जैसी प्रतियोगिताएं स्थानीय स्टेडियम में आयोजित की जा रही हैं। वहीं स्केटिंग प्रतियोगिता राहुल सांकृत्यायन इंटर कॉलेज, लछिरामपुर और योगासन प्रतियोगिता सिधारी स्थित मंगलम मैरिज हॉल में आयोजित हो रही है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता में करीब 1200 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जबकि आयोजन को सफल बनाने के लिए 60 प्रशिक्षित निर्णायकों की टीम तैनात की गई है। विभिन्न खेलों की जिम्मेदारी अलग-अलग विशेषज्ञों को सौंपी गई है, जो प्रतियोगिताओं का संचालन कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि विजय बहादुर पाठक ने कहा कि इस तरह के आयोजन से जिले की प्रतिभाओं को मंच मिलता है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होता है। वहीं अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, खेल प्रेमी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
0 टिप्पणियाँ