सीबीएसई 10+2 मान्यता की घोषणा, मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित।
संवाददाता - धीरज वर्मा
आजमगढ़। जनपद के जहानागंज क्षेत्र स्थित गोड़सर में आयुष इंटरनेशनल चिल्ड्रन स्कूल का वार्षिकोत्सव बड़े ही उत्साह और गरिमामयी वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक आनंद चौबे ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया।
कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। बच्चों ने नृत्य, गीत, नाटक और विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विशेष रूप से नशा निषेध पर आधारित नाटक ने उपस्थित लोगों को गहराई से प्रभावित करते हुए समाज को सकारात्मक संदेश दिया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि स्कूल को 10+2 स्तर तक सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन की मान्यता प्राप्त हो गई है, जिसमें बायोलॉजी, गणित, कॉमर्स और आर्ट्स संकाय शामिल हैं।
समारोह में विभिन्न कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के प्रबंधक विजय बहादुर चौबे, प्रधानाचार्य संजय सिंह, अकादमिक हेड सनी सिंह सहित सभी शिक्षक एवं स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का संकल्प दोहराया।
0 टिप्पणियाँ