मेहनगर थाना क्षेत्र में स्मृति द्वार पर झंडा बदलने को लेकर बवाल, भारी पुलिस बल तैनात।
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित गौतम नगर चट्टी पर रविवार सुबह झंडा बदलने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय बाबू उदय सिंह स्मृति द्वार पर लगे एक संगठन के ध्वज को हटाकर दूसरे संगठन का झंडा लगाए जाने पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला मारपीट व पथराव में बदल गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन हालात बिगड़ते चले गए और पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चलने लगे। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और क्षेत्र के अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कराया और स्थिति को काबू में लिया। प्रशासन द्वारा तत्काल विवादित झंडा हटवाकर माहौल को शांत करने की कोशिश की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष से लिखित शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और लगातार गश्त की जा रही है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ