रेप पीड़िता से इंस्पेक्टर की अश्लील डिमांड, उभांव थाने का मामला; थाना प्रभारी समेत दो पुलिस अधिकारी निलंबित।


बलिया में ऑडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई, एसपी ने जांच के दिए सख्त आदेश।
बलिया। जनपद के उभांव थाने से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक दुष्कर्म पीड़िता से कथित रूप से अश्लील बातचीत और दबाव बनाने के आरोप में इंस्पेक्टर क्राइम नरेश मलिक और थाना प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला को निलंबित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, रसड़ा कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता ने पहले एक दारोगा के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें आरोपी को जेल भेजा जा चुका था। इसी मामले की विवेचना के दौरान इंस्पेक्टर नरेश मलिक पर आरोप लगा कि उन्होंने पीड़िता से फोन पर अशोभनीय बातें कीं और चार्जशीट लगाने के नाम पर मिलने का दबाव बनाया।
पीड़िता ने हिम्मत दिखाते हुए बातचीत का ऑडियो रिकॉर्ड कर उच्च अधिकारियों को भेज दिया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए। अधिकारियों के अनुसार, यह कृत्य पुलिस की गरिमा और जिम्मेदारी के विपरीत पाया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी रसड़ा को सौंपी गई है और पीड़िता से संपर्क कर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ