सहावर थाना क्षेत्र के चहगा गुनार गांव में हिंसा के बाद तनाव, गांव में भारी पुलिस बल तैनात।
कासगंज : जनपद के थाना सहावर क्षेत्र अंतर्गत चहगा गुनार गांव में बाबा साहब बी. आर. अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर निकाली जा रही यात्रा रैली के दौरान उस समय हालात बिगड़ गए, जब रैली यादव बस्ती के पास पहुंची। आरोप है कि यादव समाज के कुछ दबंग लोगों ने रैली को रोक दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
विवाद बढ़ते ही यादवो ने पथराव शुरू कर दिया इस दौरान पुलिस टीम को भी पथराव का सामना करना पड़ा। इस घटना में कई पुलिसकर्मी सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं, जिससे क्षेत्र में आपसी तनाव बना रहता है। हालांकि प्रशासन ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सहावर थाना कासगंज समेत आसपास के कई थानों की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और किसी भी तरह की अफवाहों से बचने की सलाह दी है।
0 टिप्पणियाँ