आजमगढ़ : जब रक्षक ही हो जाए लाचार! सिपाही पर हमला, अस्पताल में जिंदगी की जंग।

पाटीदारों पर प्राणघातक हमले का आरोप, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल। 
संवाददाता - धीरज वर्मा 
आजमगढ़। कानून की वर्दी पहनकर दूसरों की सुरक्षा करने वाला एक सिपाही आज खुद अस्पताल के बिस्तर पर जिंदगी की जंग लड़ रहा है। मामला जनपद के जिला अस्पताल से सामने आया है, जहां घायल पुलिसकर्मी अनिल कुमार यादव भर्ती हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं। बताया जा रहा है कि जनपद संत कबीर नगर के थाना कोतवाली खलीलाबाद में तैनात सिपाही अनिल यादव, मूल रूप से जनपद मऊ की घोसी तहसील के नदवा सराय निवासी हैं।
पीड़ित के अनुसार, 31 मार्च 2026 की शाम करीब 7 बजे जब वह बाजार से अपने घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए पाटीदारों ने उन पर लाठी-डंडों, रॉड और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। उनके भाई ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर आजमगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल सिपाही का आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ उन्हें बल्कि उनके भाई को भी बेरहमी से पीटा। फिलहाल उनका इलाज जारी है और स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाला पुलिसकर्मी ही इस तरह हमले का शिकार हो जाए, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है। फिलहाल मामले में कार्रवाई की मांग तेज हो गई है और पीड़ित न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है।

👉 खबर पसंद आए तो लाइक करें, शेयर करें और अपनी राय कमेंट में जरूर दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ