आजमगढ़ में बच्चों से कराई जा रही थी सफाई, प्रधानाध्यापक निलंबित।

अज़मतगढ़ के पीएम श्री विद्यालय में गैर शैक्षणिक कार्य कराने का मामला, वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई।
आजमगढ़। जिले के अजमतगढ़ क्षेत्र स्थित पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय (प्रथम) में छात्रों से पढ़ाई के बजाय सफाई और निजी कार्य कराए जाने के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने प्रधानाध्यापक अवधेश यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह मामला तब सामने आया जब 10 अप्रैल 2026 को एक समाचार पत्र में प्रकाशित खबर और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यह दिखाया गया कि विद्यालय में बच्चों से नियमित रूप से सफाई, निजी कार्य और सामान ढुलवाने जैसे काम कराए जा रहे थे।
इसके साथ ही मध्यान्ह भोजन को विद्यालय परिसर के बाहर चूल्हे पर तैयार किए जाने को लेकर भी वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत सामने आई। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए कार्यालय ने 13 अप्रैल को प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यह कृत्य बाल अधिकारों और शिक्षा से जुड़े कानूनों का उल्लंघन है तथा शिक्षक पद की गरिमा के विपरीत है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और अन्य विद्यालयों में भी व्यवस्थाओं की जांच की बात कही जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ