निज़ामबाद में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक के बाद प्रेस वार्ता, बाहरी नेताओं पर उठाए सवाल
संवाददाता - अबुल कैश
निज़ामबाद/आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार को पूर्व क्षेत्रीय मंत्री गोरखपुर क्षेत्र एवं पूर्व समन्वयक हज कमेटी उत्तर प्रदेश सरकार सेराज अब्बास आज़मी ने अपने आवास पर भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की, जिसके बाद उन्होंने प्रेस वार्ता कर निजामाबाद सीट से अपनी दावेदारी पेश की। उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में अपने ही क्षेत्र से उम्मीदवार बनाए जाने की मांग पार्टी से कर रहे हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले लगभग तीन दशकों से निजामाबाद विधानसभा क्षेत्र में बाहरी नेताओं का कब्जा रहा है और अधिकांश राजनीतिक दल यहां से स्थानीय के बजाय बाहरी उम्मीदवारों को टिकट देते रहे हैं, जिससे क्षेत्र के विकास पर भी असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि स्थानीय व्यक्ति को प्रतिनिधित्व का अवसर मिले, क्योंकि जनता भी इस बार अपने क्षेत्र के उम्मीदवार की मांग कर रही है।
उन्होंने बताया कि वह लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं और जनता का समर्थन उन्हें मिल रहा है। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया कि स्थानीय होने के नाते उन्हें टिकट दिया जाए, ताकि वह क्षेत्र की समस्याओं को बेहतर तरीके से समझकर समाधान कर सकें। इस मौके पर सतीश कुमार गौड़, रिजवान अहमद, मिनहाज अहमद, गुरमीत सिंह गौड़, प्रमोद मौर्य, मोहम्मद रजा खान, मोहम्मद फारूक, खालिक शेख, अंकित गौतम, अरविंद यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ