भाजपा नेता ने सपा पर साधा निशाना, 25% कमीशन लेने और टेंडर में गड़बड़ी का आरोप।
संवाददाता -धीरज वर्मा
आजमगढ़। जिला पंचायत से जुड़े एक कथित वीडियो के वायरल होने के बाद सियासी माहौल गर्म हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता कर जिला पंचायत अध्यक्ष, अपर मुख्य अधिकारी और विभागीय कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने दावा किया कि जिला पंचायत में कार्यरत टेंडर बाबू शिवाकांत उपाध्याय उर्फ पंकज का रिश्वत लेते हुए वीडियो सामने आया है, जिसमें लाखों रुपये के लेन-देन का आरोप है।प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित कर्मचारी ठेकेदारों से लगभग 25 प्रतिशत तक कमीशन लेता है और टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित करने के लिए पहले से पैसे वसूलता है। उन्होंने यह भी कहा कि फर्जी अनुभव के आधार पर कार्य आवंटन और टेंडर मैनेज करने जैसे मामले सामने आए हैं, जो पूरे तंत्र में भ्रष्टाचार की ओर इशारा करते हैं।भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि इस मामले की शिकायत मुख्य विकास अधिकारी से की जा चुकी है, जिसके बाद तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है। इसमें जिला विकास अधिकारी, मुख्य कोषाधिकारी और जिला सूचना विज्ञान अधिकारी को शामिल किया गया है, जिन्हें जल्द रिपोर्ट सौंपनी है। उन्होंने यह भी कहा कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होना राजनीतिक दबाव की ओर संकेत करता है। साथ ही मांग की कि मामले में तत्काल निलंबन और कठोर कार्रवाई की जाए तथा जो भी इसमें शामिल हों, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। फिलहाल, वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों को लेकर प्रशासन की ओर से जांच जारी है और पूरे मामले पर सबकी नजर बनी हुई है।
0 टिप्पणियाँ