उत्कृष्ट शिक्षकों को किया गया सम्मानित, पुरानी पेंशन और शिक्षा व्यवस्था पर उठे अहम मुद्दे।
संवाददाता - धीरज वर्मा आजमगढ़
आजमगढ़। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई पल्हनी के तत्वावधान में नगर के हरिऔध कला केंद्र सभागार में शनिवार को शैक्षिक सम्मान समारोह एवं शिक्षोन्नयन गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि देवेंद्र Pratap सिंह , भाजपा नेता अखिलेश मिश्रा गुड्डू , पूर्व विधायक वंदना सिंह सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण बताते हुए पुरानी पेंशन बहाली की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों पर शैक्षिक कार्यों के अलावा कई अतिरिक्त जिम्मेदारियां हैं, जिन्हें कम किया जाना चाहिए। शिक्षक नेताओं ने संगठन के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि शिक्षकों की उपलब्धियां उनके निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं और एकजुटता से ही समस्याओं का समाधान संभव है। गोष्ठी में नई शिक्षा नीति, विद्यालयों की चुनौतियां और शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने शिक्षा की गुणवत्ता, चरित्र निर्माण और समाज में शिक्षक की भूमिका पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
0 टिप्पणियाँ