सपा के कार्यकर्ताओं ने साधा निशाना, बोले—बसपा ही 2027 में बनाएगी सरकार।
सपा छोड़कर बसपा में शामिल हुए, मोहम्मद जुनैद ने कहा कि भाजपा को हराने की क्षमता केवल बसपा में है।
बांदा। बहुजन समाज पार्टी की चित्रकूट मंडलीय बैठक में पार्टी को बड़ा संगठनात्मक बल मिला, जब भाजपा, समाजवादी पार्टी और आजाद समाज पार्टी के कई दर्जन कार्यकर्ताओं ने बसपा की सदस्यता ग्रहण की। कौशल्या मैरिज हॉल में आयोजित इस बैठक में नए शामिल हुए लोगों ने पार्टी की नीतियों और नेतृत्व पर विश्वास जताते हुए बसपा को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व कार्यकर्ता जितेन्द्र यादव ने कहा कि सपा अब केवल परिवार तक सीमित होकर रह गई है और जनता को भ्रमित कर सत्ता में आने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़कर बसपा का दामन थामा है और अब वे आकाश आनंद व मायावती को मजबूत करने के लिए काम करेंगे।
वहीं एक अन्य कार्यकर्ता मोहम्मद जुनैद, जो सपा छोड़कर बसपा में शामिल हुए, ने कहा कि भाजपा को हराने की क्षमता केवल बसपा में है। उन्होंने दावा किया कि 2022 में मुस्लिम समाज ने सपा को भारी समर्थन दिया, लेकिन इसके बावजूद सरकार नहीं बन सकी। ऐसे में अब दलित, मुस्लिम और अन्य वंचित वर्ग एकजुट होकर बसपा की सरकार बनाएंगे और 2027 में मायावती को मुख्यमंत्री बनाएंगे।
बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि बसपा की “सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय” की नीति ही समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलने का मार्ग है। कार्यक्रम में आगामी चुनावों को लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने पर जोर दिया गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे और पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया।
0 टिप्पणियाँ