अंबेडकर जयंती पर सियासत गरम, विश्वनाथ पाल बोले—पहले अंबेडकर पार्क पर विवादित टिप्पणी, अब दलित वोट के लिए दिखावा कर रहे अखिलेश।

अखिलेश यादव ने पहले बसपा सरकार में बने डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और उसे “अय्याशी का अड्डा” बताया था। 
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अंबेडकर जयंती को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने समाजवादी पार्टी और उसके प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा दलित वोट बैंक को साधने के लिए दिखावटी राजनीति कर रही है। उनका कहना है कि जो नेता अपने परिवार की जयंती तक बूथ स्तर पर नहीं मना पाए, वे अब अम्बेडकर की जयंती के बहाने जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
बसपा नेता ने यह भी कहा कि सपा प्रमुख ने पहले बसपा सरकार में बने डॉ. भीमराव अम्बेडकर पार्क को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी और उसे “अय्याशी का अड्डा” बताया था। अब वही लोग अंबेडकर जयंती के नाम पर कार्यक्रम कर रहे हैं, जिसे उन्होंने राजनीतिक नाटक करार दिया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के अनुयायी सब समझ रहे हैं और ऐसे दिखावे से प्रभावित नहीं होंगे। उनके मुताबिक, सपा की राजनीति केवल वोट बैंक तक सीमित है, जबकि बसपा हमेशा से बाबा साहेब के विचारों पर चलने का दावा करती रही है। इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ