सगड़ी तहसील क्षेत्र में अंजान शहीद बाजार के पास हुआ हादसा, वाहन क्षतिग्रस्त।
नायब तहसीलदार सुरक्षित, मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक कब्जे में लिया।
आजमगढ़। जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब महाराजगंज के नायब तहसीलदार रणजीत बहादुर सिंह की सरकारी गाड़ी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस घटना में नायब तहसीलदार बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे नायब तहसीलदार अपनी सरकारी वाहन से जनपद मुख्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर अंजान शहीद बाजार के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।
घटना की सूचना मिलते ही जीयनपुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे की खबर मिलते ही तहसील कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद नायब तहसीलदार दूसरी गाड़ी से सुरक्षित तहसील पहुंच गए, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
0 टिप्पणियाँ