आजमगढ़: सर्वोदय पब्लिक स्कूल की जिला टॉपर बिटिया बनना चाहती है डॉक्टर।

आजमगढ़। सीबीएसई की दसवीं की परीक्षा में जिला टॉप करने वाली सर्वोदय पब्लिक स्कूल हरवंशपुर, आजमगढ़ की मेधावी छात्रा साक्षी यादव ने बताया कि वह रोज 5 से 6 घंटे नियमित पढ़ाई करती थीं। साक्षी यादव ने मीडिया को बताया कि उनका सपना डॉक्टर बनकर समाज और विशेष रूप से गरीबों की सेवा करना है। उनका मानना है कि आज भी बहुत से लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त रूप से नहीं मिल पाती हैं।इसलिए वह कम खर्च में बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में काम करना चाहती हैं। साक्षी यादव ने सोशल मीडिया के उपयोग पर कहा कि यदि इसका सही और सकारात्मक तरीके से प्रयोग किया जाए तो यह विद्यार्थियों के लिए काफी लाभदायक साबित हो सकता है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और परिजनों को देते हुए कहा कि सभी के सहयोग और मार्गदर्शन से ही यह उपलब्धि संभव हो सकी। टॉपर साक्षी यादव के पिता डॉ. अनिल यादव होम्योपैथिक चिकित्सक हैं। उन्होंने कहा कि बेटी ने जितने अंक प्राप्त किए हैं, उतनी उम्मीद उन्हें नहीं थी। हालांकि वह शुरू से ही काफी मेहनती रही है। उन्होंने बताया कि साक्षी यादव अपनी पढ़ाई को लेकर बेहद अनुशासित और समर्पित रहती हैं। साक्षी यादव की मां प्रतिमा यादव गृहिणी हैं। वहीं सर्वोदय पब्लिक स्कूल हरवंशपुर, आजमगढ़ के प्रबंधक श्री राजेंद्र प्रसाद यादव ने मेधावी छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उसकी यह उपलब्धि न केवल उसकी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिणाम है, बल्कि उसके अभिभावकों और शिक्षकों के मार्गदर्शन का भी प्रतिफल है। हमारी मेधावी छात्रा साक्षी यादव अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा स्रोत है। विद्यालय प्रबंधन उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता है और आशा करता है कि वह आगे भी इसी प्रकार सफलता के नए आयाम स्थापित करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ