गौरी शंकर घाट में ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत, युवाओं के लिए बने प्रेरणा।
संवाददाता -धीरज वर्मा
आजमगढ़। जनपद के गौरी शंकर घाट निवासी आलोक निषाद के प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) में चयन होने पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। जैसे ही उनकी सफलता की खबर गांव और आसपास के इलाकों में पहुंची, लोगों ने इसे अपनी सामूहिक उपलब्धि मानते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया।
आलोक निषाद के घर पर भव्य स्वागत समारोह का आयोजन किया गया, जहां ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया। परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। इस दौरान उनके आवास पर हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए और उन्हें बधाई दी।
ग्रामीणों के अनुसार आलोक शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रहे हैं। उन्होंने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार हुआ है। लोगों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद आलोक ने यह साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि आलोक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुओं और मित्रों को दिया है। उनकी इस उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की है।
0 टिप्पणियाँ