आजमगढ़ : अंबेडकर जयंती विवाद पर भाजपा का पलटवार, सपा के बयान की कड़ी निंदा।

आजमगढ़ में भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग।
संवाददाता - राकेश गौतम 
आजमगढ़ : जनपद में अंबेडकर जयंती के दौरान मेंहनगर क्षेत्र के गोपालपुर में हुई घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव कुमार सिंह ने गंगोत्री होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष के बयान की कड़ी निंदा की और इसे समाज में वैमनस्य फैलाने वाला बताया। उन्होंने घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अंबेडकर जयंती के दिन कुछ लोगों द्वारा गेट पर लगे केसरिया झंडे को हटाकर अपना झंडा लगाने का प्रयास किया गया था, जिसे ग्रामीणों ने शांतिपूर्वक रोक दिया था और उस समय कोई विवाद नहीं हुआ। लेकिन अगले दिन कुछ लोग संगठित होकर लाठी-डंडों के साथ मौके पर पहुंचे और जबरन झंडा लगाने की कोशिश की।
भाजपा जिलाध्यक्ष के अनुसार, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन समझाने के बावजूद संबंधित लोग नहीं माने, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान पथराव हुआ, जिसमें उपनिरीक्षक उमेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कई ग्रामीण भी चोटिल हुए।
ध्रुव कुमार सिंह ने सपा जिलाध्यक्ष के बयान को निराधार और भ्रामक बताते हुए कहा कि इस तरह के बयान समाज में तनाव बढ़ाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा बाबा साहेब अम्बेडकर के सिद्धांतों और संविधान के अनुरूप कार्य करती है और हर वर्ष अंबेडकर जयंती को पूरे सम्मान के साथ मनाती है। अंत में उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ