लखनऊ में आज बकरीद की धूम, सुबह 10 बजे होगी मुख्य नमाज।

प्रशासन अलर्ट मोड में, अवैध कुर्बानी और सड़क पर नमाज को लेकर सख्त निर्देश जारी।
उत्तर प्रदेश : राजधानी लखनऊ में आज ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार धार्मिक उत्साह और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाया जाएगा। शहर की बड़ी ईदगाहों और मस्जिदों में सुबह से ही नमाजियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। प्रशासन के मुताबिक मुख्य नमाज सुबह 10 बजे अदा की जाएगी।
त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। अधिकारियों ने साफ कहा है कि सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी।
खुले में कुर्बानी और गंदगी फैलाने पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने निर्देश जारी किए हैं कि कुर्बानी केवल निर्धारित स्थानों पर ही की जाए। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी, खुले में पशु अवशेष फेंकने और गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की टीमों को सफाई व्यवस्था संभालने के लिए विशेष जिम्मेदारी दी गई है।
उलेमाओं ने की शांति और भाईचारे की अपील
धार्मिक नेताओं और उलेमाओं ने लोगों से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, इंसानियत और भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है, इसलिए सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं।
बाजारों में दिखी रौनक, देर रात तक हुई खरीदारी
बकरीद को लेकर शहर के बाजारों में भी खास रौनक देखने को मिली। कपड़ों, सेवइयों और कुर्बानी से जुड़े सामानों की दुकानों पर देर रात तक भीड़ रही। बच्चों और युवाओं में त्योहार को लेकर खास उत्साह दिखाई दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ