निजामाबाद के खुदादादपुर बाजार में आमने-सामने भिड़ीं बाइकें, चार लोग गंभीर घायल।
आजमगढ़ : जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत खुदादादपुर बाजार में तेज रफ्तार और शराब के नशे में बाइक चलाना भारी पड़ गया। सोमवार देर शाम शराब के नशे में धुत दो युवकों की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से भिड़ गई, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार फरिहा गांव निवासी पन्नेलाल पुत्र पुरुषोत्तम (22 वर्ष) और उसका भाई मुन्नीलाल पुत्र पुरुषोत्तम (18 वर्ष) किसी काम से खुदादादपुर बाजार स्थित अपनी मौसी के घर गए थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने वहां काफी मात्रा में शराब का सेवन किया था। इसके बाद दोनों बाइक से वापस अपने गांव फरिहा लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शराब के नशे में बाइक चला रहे युवक तेज रफ्तार में अनियंत्रित तरीके से वाहन चला रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में राहगीरों समेत पन्नेलाल और मुन्नीलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों युवक पूरी तरह शराब के नशे में थे और लापरवाही से बाइक चला रहे थे, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और नशे में वाहन चलाने को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं।
0 टिप्पणियाँ