प्रयागराज : बसपा नेताओं ने मेजा में 14 वर्षीय बच्चे की हत्या पर जताया आक्रोश।

मेजा रोड पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिले BSP पदाधिकारी, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग।
प्रयागराज : जिले की मेजा विधानसभा के पटी क्षेत्र स्थित मेजा रोड में 14 साल के बच्चे की निर्मम हत्या की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बहुजन समाज पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। BSP प्रयागराज जिला अध्यक्ष मा. टी.एन. जैसल, वरिष्ठ कार्यकर्ता मा. मोहम्मद चंदू, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. विजय प्रकाश गौतम, उपाध्यक्ष अमरेश सोनकर, कामता प्रसाद नेता, अमन गौतम और राम कैलाश सहित अन्य लोगों ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
बसपा नेताओं ने कहा कि एक मासूम बच्चे की इस तरह हत्या होना बेहद दुखद और समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस घटना में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
नेताओं ने भगवान बुद्ध से दिवंगत बच्चे की आत्मा की शांति और परिवार को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग लगातार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ