आजमगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत।

रिपोर्टर-अबुल कैश/निज़ामबाद/आजमगढ़ : जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा गांव के पास शाहगंज-आजमगढ़ मार्ग पर गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर 11 हजार वोल्ट के बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विद्युत खंभा तीन टुकड़ों में टूट गया।
हादसे में बाइक सवार राहुल कुमार पुत्र राजकुमार और अजय कुमार पुत्र महेंद्र कुमार निवासी मक्खापुर थाना अहिरौला गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान राहुल कुमार की मौत हो गई, जबकि अजय कुमार का इलाज जारी है। युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक फरिहा क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के दौरान लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। अब तक चार लोगों की जान जा चुकी है, जबकि करीब दस लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए फरिहा चौराहे पर स्पीड ब्रेकर लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद दुर्घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
पूर्व प्रधान जावेद आलम ने शासन-प्रशासन से फरिहा क्षेत्र को “एक्सिडेंट जोन” घोषित करने, अतिरिक्त स्पीड ब्रेकर बनवाने और फरिहा चौकी पर एम्बुलेंस व क्रेन की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ