फर्जी टीटी आईडी कार्ड बनाकर युवक को बनाया शिकार, कन्धरापुर पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।
रिपोर्टर /रमेशचंद यादव/ आजमगढ़ : जनपद के कन्धरापुर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। कन्धरापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए फर्जी टीटी आईडी कार्ड बनाकर युवक से ठगी करने वाले आरोपी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव ने थाना कन्धरापुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पुत्र अमन को रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर आरोपी ने कुल ₹9,63,500 रुपये ठग लिए। भरोसा दिलाने के लिए आरोपी ने फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी तैयार कर दिया था।
जब पीड़ित परिवार ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी गाली-गलौज और धमकी देने लगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
आज सुबह कन्धरापुर पुलिस ने भवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहे से आरोपी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार मद्धेशिया, कांस्टेबल नीरज कुमार यादव और कांस्टेबल अभिषेक कुमार गौड़ शामिल रहे।
0 टिप्पणियाँ