निषाद समाज को जागरूक और संगठित करने के लिए गांव-गांव पहुंचेगी यात्रा, सामाजिक न्याय और भागीदारी की उठेगी आवाज।
संवाददाता -धीरज वर्मा, आजमगढ़
आजमगढ़/लखनऊ। बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं वीआईपी पार्टी के संस्थापक “सन ऑफ मल्लाह” मुकेश सहनी ने घोषणा करते हुए कहा कि आगामी 25 जुलाई से पूरे उत्तर प्रदेश में “संकल्प यात्रा” की शुरुआत की जाएगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग, विशेष रूप से निषाद समाज को उनके हक, सम्मान, भागीदारी और संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक एवं संगठित करना है।
मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज वर्षों से अपने अधिकारों और आरक्षण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहा है, लेकिन सरकारें केवल आश्वासन देने का काम करती रही हैं। अब समय आ गया है कि समाज एकजुट होकर अपने अधिकारों की आवाज़ को और बुलंद करे।
उन्होंने बताया कि “संकल्प यात्रा” के माध्यम से गांव-गांव, कस्बे-कस्बे और शहर-शहर जाकर लोगों से संवाद स्थापित किया जाएगा तथा उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों और आरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा। यह यात्रा समाज की एकता, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा देने का कार्य करेगी।
मुकेश सहनी ने कहा कि निषाद समाज के आरक्षण की मांग केवल एक समाज की मांग नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समान भागीदारी की लड़ाई है। संकल्प यात्रा के माध्यम से समाज की मजबूत और एकजुट आवाज़ को सरकार तक पहुंचाया जाएगा, ताकि निषाद समाज को उसका न्यायोचित अधिकार मिल सके।
उन्होंने प्रदेश के सभी समाजबधुओं, युवाओं, महिलाओं एवं जागरूक नागरिकों से बड़ी संख्या में इस यात्रा से जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के सम्मान, अधिकार एवं आरक्षण की इस ऐतिहासिक लड़ाई को मजबूत बनाने में सभी की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
0 टिप्पणियाँ