बड़ी खबर : यूपी में बिजली संकट को लेकर योगी सरकार पर मायावती का बड़ा हमला।

भीषण गर्मी और बिजली कटौती को लेकर सरकार को घेरा, गरीबों-किसानों की परेशानियों का मुद्दा उठाया।
लखनऊ : मायावती ने उत्तर प्रदेश में बढ़ती बिजली कटौती और कम आपूर्ति को लेकर राज्य सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली संकट से आम जनता का जीवन बेहद कठिन हो गया है और लोग लगातार परेशानियों का सामना कर रहे हैं। मायावती ने सोशल मीडिया पर जारी अपने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल आबादी वाले राज्य में बिजली की कम आपूर्ति और कटौती आम समस्या बन चुकी है। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, छोटे व्यापारी और मेहनतकश लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों में भारी नाराजगी है और इसका असर अब खुले तौर पर दिखाई देने लगा है।
बसपा प्रमुख ने कहा कि बिजली संकट को लेकर जनता विभिन्न माध्यमों से अपना आक्रोश व्यक्त कर रही है और यह मुद्दा लगातार मीडिया में भी बना हुआ है। उन्होंने सरकार से मांग की कि लोगों की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से जरूरी कदम उठाए जाएं ताकि बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुधारा जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि केवल अस्थायी समाधान नहीं बल्कि भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए पावर प्लांट और बिजली उत्पादन के स्थायी इंतजाम किए जाने चाहिए। इससे आने वाले समय में प्रदेश की बिजली व्यवस्था मजबूत होगी और जनता को राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच कई जिलों में लंबे समय तक बिजली कटौती की शिकायतें सामने आ रही हैं। ग्रामीण और शहरी इलाकों में लोग घंटों बिजली न आने से परेशान हैं, जिससे पानी की सप्लाई, कारोबार और खेती-किसानी पर भी असर पड़ रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ