गंभीरपुर निवासी बंकेश मिश्र ने इलाज के दौरान तोड़ा दम, चालक वाहन छोड़कर फरार।
संवाददाता -अबुल कैश
आजमगढ़। निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा-निजामाबाद मार्ग पर शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। जानकारी के अनुसार गंभीरपुर थाना क्षेत्र निवासी बंकेश मिश्र पुत्र सुरेश मिश्र अपनी मोटरसाइकिल से फरिहा चौक से निजामाबाद की ओर जा रहे थे। इसी दौरान फरिहा-निजामाबाद रोड पर तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप गाड़ी ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही फरिहा चौकी प्रभारी चित्रांशु मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक बंकेश मिश्र, गंभीरपुर क्षेत्र के पत्रकार अशोक मिश्र के चचेरे भाई थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए।
वहीं पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर फरिहा चौकी पर खड़ा करा दिया है। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने फरिहा-निजामाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने और नियमित जांच अभियान चलाने की मांग की है।
0 टिप्पणियाँ