आजमगढ़ : निजामाबाद पुलिस को बड़ी सफलता, गैंगस्टर एक्ट में वांछित 4 अभियुक्त गिरफ्तार।

चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई, भदुली पुल के पास हुई गिरफ्तारी।
संवाददाता - अबुल कैश 
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निजामाबाद थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी निजामाबाद के पर्यवेक्षण में थाना निजामाबाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह के विरुद्ध प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी द्वारा गैंगचार्ट अनुमोदित किया गया था। इसके बाद थाना निजामाबाद में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश और गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित अभियुक्त भदुली पुल सिवली के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर अभियुक्त भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रोहित चौहान, राहुल चौहान, अभिषेक चौहान और संदीप कुमार शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ