आजमगढ़ : रानी की सराय ब्लॉक में प्रधानों का हंगामा, एडीओ पंचायत कार्यालय का किया घेराव।

अधिकारों की अनदेखी और मनमानी का आरोप, मांगें पूरी न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी।
संवाददाता -अबुल कैश/राकेश 
आजमगढ़। रानी की सराय ब्लॉक स्थित एडीओ पंचायत कार्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब क्षेत्र के ग्राम प्रधानों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रधान संघ के नेतृत्व में पहुंचे प्रधानों ने एडीओ पंचायत कार्यालय का घेराव करते हुए अधिकारियों पर उपेक्षा और मनमानी का आरोप लगाया।
प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक परिसर में काफी देर तक गहमागहमी बनी रही। प्रधानों की भीड़ के चलते एडीओ पंचायत कार्यालय लंबे समय तक नहीं खुल सका। प्रदर्शनकारी प्रधानों ने पंचायत प्रतिनिधियों के अधिकारों की अनदेखी किए जाने और पंचायत कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप का आरोप लगाया।
प्रधान संघ की ओर से प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में लगातार बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं, जिससे जनहित के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। साथ ही अधिकारियों द्वारा सम्मानजनक व्यवहार न किए जाने की शिकायत भी उठाई गई। प्रधानों ने पंचायत व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और निर्वाचित प्रतिनिधियों के अधिकार सुरक्षित रखने की मांग की।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन कर रहे प्रधानों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, लेकिन प्रधान अपनी मांगों पर अड़े रहे और जल्द कार्रवाई की मांग करते रहे।
प्रधान संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उनका कहना था कि पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान और अधिकारों से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं विकासखंड प्रशासन ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और वार्ता के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ