आजमगढ़ : सार्वजनिक संपत्ति क्षति और मारपीट मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार।

रानी की सराय पुलिस ने कोटवा गेट के पास से दबोचा, कई धाराओं में दर्ज था मुकदमा।
आजमगढ़। रानी की सराय थाना पुलिस ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और मारपीट के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को कोटवा गेट स्थित राजकीय उद्यान के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार चित्रकूट जनपद के कपसेठी निवासी जयकरण सिंह की तहरीर पर थाना रानी की सराय में भोला प्रजापति पुत्र राम लौटन प्रजापति निवासी रामपुर थाना शाहगंज जनपद जौनपुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी पर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, मारपीट और अन्य आरोप लगाए गए थे।
मामले की विवेचना के दौरान पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर और थानाध्यक्ष रानी की सराय के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक हैदर अली मंसूरी को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी भोला प्रजापति कोटवा गेट के पास मौजूद है और कहीं जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की उम्र करीब 56 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हैदर अली मंसूरी, कांस्टेबल देवेश गौड़ और आरक्षी सुनील वर्मा शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ